सुल्तानपुर। जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के बरौंसा बाजार में एक 22 वर्षीय नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स शिल्पा सैनी उर्फ रजनी का शव उसके किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हलचल मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शिल्पा सैनी उर्फ रजनी बरौंसा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी और किराये के कमरे में रहती थी। कमरे में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। कम उम्र में हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि अभी तक मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना पर पहुंची जयसिंहपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए, ताकि मामले से जुड़े अहम पहलुओं की जांच की जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असल वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में नर्स की जान गई। फिलहाल घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।





















