सुलतानपुर। अखण्डनगर थाना क्षेत्र में POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा संख्या 95/2026 में वांछित अभियुक्त सुग्रीव धुरिया पुत्र स्वर्गीय रामउजागिर धुरिया, निवासी ग्राम धर्मापुर के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर 18 सितंबर 2026 को कुर्की की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(F)/115(2) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के बाद ASJ-12, सुलतानपुर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में धारा 84 बीएनएसएस के तहत उसके निवास और कब्जे में मौजूद सामान की कुर्की की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई पूरी की।
कुर्की के दौरान पुलिस ने घर में मौजूद पुराने घरेलू और इस्तेमाल किए जाने वाले सामान को जब्त किया। इसमें टिन का बक्सा, प्लास्टिक की बाल्टी, कपड़े, बैग, रजाई-कंबल, चारपाई, बर्तन, पंखा, मिट्टी का चूल्हा समेत कई सामान शामिल हैं। पुलिस ने कुर्क किए गए सामान की सूची तैयार की। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया उनकी मौजूदगी में पूरी की गई।
इस कार्रवाई को थाना अखण्डनगर की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में निरीक्षक सतीश चन्द्र यादव, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विजय गुप्ता, दीपक कुमार, किशन द्विवेदी और आनन्द वर्धन पाठक शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





















