सुल्तानपुर में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में पुलिस की सर्विलांस सेल को बड़ी सफलता मिली है। CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसपी विनीत जायसवाल के निर्देशन और एएसपी वृजनारायण सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। सर्विलांस सेल ने जिले की विभिन्न पुलिस टीमों के साथ समन्वय कर CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए मोबाइलों को उनके धारकों तक पहुंचाया गया।
बरामद किए गए मोबाइलों में अलग-अलग कंपनियों के फोन शामिल हैं। इनमें वीवो के 40, रियलमी के 26, ओप्पो के 20 और रेडमी के 15 मोबाइल फोन शामिल हैं। अन्य कंपनियों के मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर धारकों ने सुल्तानपुर पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में देरी न करें और तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर संबंधित सिम को बंद कराने की सलाह दी गई है। पुलिस के मुताबिक, CEIR पोर्टल के जरिए गुम और चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस करने में मदद मिलती है।





















