गोरखपुर में सीएम योगी का आक्रामक हमला
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना, कहा- झूठ के नैरेटिव से सतर्क रहें कार्यकर्ता
लखनऊ/ गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में नौकरी और सरकारी योजनाओं पर ‘सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उस व्यवस्था को समाप्त कर पारदर्शी शासन स्थापित किया है।
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी झूठ का नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से विपक्ष की “भ्रामक राजनीति” से सतर्क रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा सत्य, विकास और लोककल्याण की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष जातीय विभाजन और अराजकता की राजनीति को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण लड़ाई बूथ स्तर पर लड़ी जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेरा बूथ सबसे मजबूत” मंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा।”
उन्होंने बूथ अध्यक्षों की तुलना सीमा पर तैनात सैनिकों से करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
सीएम योगी ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश में 80 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिना सिफारिश और भ्रष्टाचार के नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं, जबकि पहले नौकरी और योजनाओं में पक्षपात और भ्रष्टाचार हावी था।






