राष्ट्रसेवा और संगठन के मूल्यों पर दिया गया बल, बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने की सहभागिता
एटा/जलेसर। जनपद एटा के विकासखंड अवागढ़ क्षेत्र की न्याय पंचायत मुड़समां में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वयंसेवक विजय प्रताप सिंह के आवास पर खंड कार्यवाह अवागढ़ अवधेश कुमार शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर में एक पखवाड़े तक गुरु दक्षिणा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी आस्था और समर्पण व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड कार्यवाह अवधेश कुमार शर्मा ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में संघ प्रार्थना हुई तथा सभी स्वयंसेवकों ने ध्वज प्रणाम कर राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर अवधेश कुमार, विजय प्रताप सिंह, रमेश पाल सिंह, हरेंद्र कुमार, अमित कुमार, रवि सिंह, मनोज कुमार, रामू सिंह, शिवम कुमार सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।







