बाराबंकी: रात्रि गश्त पर उठे सवाल
बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार असंद्रा थाना क्षेत्र की खुशेहटी ग्राम पंचायत के पूरे निधान गांव निवासी अतुल सिंह के घर में अज्ञात चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। चोर घर में रखी नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। सुबह उठने पर कमरों का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।
पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 112 और असंद्रा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रात्रि गश्त पर उठे सवाल
चोरी की इस घटना के बाद असंद्रा पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।







