एक ही परिवार के छह लोग घायल
गाजियाबाद से शव लेकर जौनपुर जा रही थी एंबुलेंस, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद से शव लेकर जौनपुर जा रही एक निजी एंबुलेंस चालक को झपकी आने के कारण हवाई पट्टी के पास खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ में उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद से एक निजी एंबुलेंस शव लेकर जौनपुर जा रही थी। सुबह करीब पांच बजे बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव के सामने एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के पास चालक को झपकी आ गई। इससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के नोहर गांव निवासी विनोद कुमार (52), अर्पित (26), रेनू (48), माया (50), सिद्धिविनायक (21) और सूर्थी (18) घायल हो गए। सूचना मिलते ही यूपीडा और पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी बांगरमऊ भेजा।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत में सुधार होने पर वे दूसरे वाहन से शव लेकर जौनपुर के लिए रवाना हो गए। वहीं, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को हटाया गया। हादसे के कारण करीब डेढ़ घंटे तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ है। घायलों का उपचार कराकर उन्हें घर भेज दिया गया है।
एक्सप्रेसवे पर कार का पहिया निकला, डिवाइडर से टकराई; पांच घायल
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के रसूलपुर रूरी गांव के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार का अगला पहिया निकल जाने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, कन्नौज जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के सरवन गांव निवासी अजहर (28) अपने साथियों शीबू (34), भूरा (35), जुनैद (36) और पिच्चू (23) के साथ लखनऊ से वापस लौट रहे थे। रसूलपुर रूरी गांव के पास कार के दाहिने अगले पहिए की धुरी का बोल्ट खुल जाने से पहिया निकल गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर पहुंची यूपीडा टीम ने सभी घायलों को सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया। चिकित्सकों ने चालक अजहर और जुनैद की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि पहिया निकलने के कारण कार डिवाइडर से टकराई थी। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।







