गोरखपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, गोरखपुर क्षेत्र के सेवा प्रबंधक मुकेश कुमार के निर्देश पर गीडा स्थित ओएचएम फायर इंडस्ट्रीज के निदेशक धनंजय कुमार यादव ने गोरखपुर डिपो के चालक-परिचालकों एवं कार्यशाला कर्मचारियों को बसों में आग लगने की स्थिति में अग्निशमन यंत्र के प्रभावी उपयोग एवं बचाव संबंधी प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में सबसे पहले अग्निशमन यंत्र का लॉक हटाना चाहिए तथा उसे दो से तीन बार दाएं-बाएं हिलाना चाहिए। इसके बाद आग लगने वाले स्थान से लगभग डेढ़ मीटर की दूरी पर खड़े होकर एक हाथ से पाइप पकड़ते हुए दूसरे हाथ से अग्निशमन यंत्र को सीने के बराबर रखते हुए आग पर नियंत्रित रूप से स्प्रे करना चाहिए।
धनंजय कुमार यादव ने प्रशिक्षण को व्यावहारिक रूप देते हुए डस्टबिन में नियंत्रित आग लगाकर अग्निशमन यंत्र से उसे बुझाने का प्रदर्शन किया। इसके बाद उपस्थित चालक-परिचालकों और कर्मचारियों से भी अग्निशमन यंत्र का प्रयोग कर आग बुझाने का अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेवा प्रबंधक कार्यालय से राम नरेश सिंह एवं राकेश कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्रीय कार्यशाला से अजय कुमार सहित गोरखपुर डिपो के राम प्रकाश सिंह, संजीव कुमार राय, दीप नारायण लाल श्रीवास्तव, बृजेश कुमार श्रीवास्तव, राम नारायण पांडेय, कृपा शंकर शुक्ला, बेचन प्रसाद, राम जन्म, कुलदीप शाही, भूपेंद्र पांडेय, रमेश तिवारी, बबलू तिवारी, अजय कुमार दुबे समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।








