युवक का गला और पत्नी के पैर की अंगुली कटी
वेब फ्रेंडली खबर
उन्नाव। प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बाइक से जा रहे दंपती चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। हादसे में युवक का गला कट गया, जबकि उसकी पत्नी के पैर की अंगुली गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के हयासपुर गांव निवासी विक्रम (23) अपनी पत्नी शिवानी (21) के साथ शुक्रवार शाम करीब छह बजे बाइक से उन्नाव जा रहे थे। जब वे सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव के पास पहुंचे, तभी सड़क पर लटका प्रतिबंधित चाइनीज मांझा अचानक विक्रम के गले में उलझ गया और उसकी गर्दन को काट दिया।
इसके बाद वही मांझा पीछे बैठी शिवानी के बाएं पैर की अंगुली में लिपट गया, जिससे उसकी अंगुली भी कट गई। हादसे के बाद दोनों सड़क पर लहूलुहान हो गए।
राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि पतंग कटने के बाद मांझा सड़क पर लटका हुआ था, जिसकी चपेट में दंपती आ गए।
सफीपुर कोतवाल संदीप मिश्र ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यदि पीड़ित पक्ष तहरीर देता है तो मांझे की बिक्री और स्रोत की भी जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







