वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
संतकबीरनगर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिले में अमर शहीदों की स्मृति में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के 527 अमर बलिदानियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और वीरता पदक विजेताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्रा के स्वागत भाषण, दीप प्रज्ज्वलन और शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम में वीर चक्र विजेता सिपाही सत्यवान सिंह के परिजन, सेना मेडल (वीरता) से सम्मानित सेवारत हवलदार योगेन्द्र कुमार, वीर नारियां, द्वितीय विश्व युद्ध की युद्ध विधवाएं तथा लगभग 50 पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने हवलदार योगेन्द्र कुमार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही वीर नारियों, युद्ध विधवाओं और वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कर्नल राम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि “युद्ध केवल सीमा पर सैनिक नहीं लड़ते, बल्कि पूरा देश एकजुट होकर लड़ता है।” उन्होंने युवाओं से सैनिकों के त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह ने वीर नारियों और शहीद परिवारों को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि “देश शहीदों के बलिदान का ऋण कभी नहीं चुका सकता।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य प्रशासनिक कार्यों में पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों की हरसंभव सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविताओं के पाठ और “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ हुआ।







