रिपोर्टर -:अभिनव यादव
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर नरी गांव के पास कार की टक्कर से साइकिल मिस्त्री की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और कार में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है।
सदर कोतवाली के अब्बासपुर मोहल्ला निवासी गुड्डू राजपूत (45) नरी गांव के सामने हाईवे पर शिवप्रकाश की साइकिल की दुकान पर मिस्त्री का काम करते थे और वहीं पर रहते थे। ममेरे भाई अजगैन निवासी सुरेश ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 10:45 बजे लघुशंका के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर दुकानदार और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाने के साथ भाग रहे चालक को कार सहित पकड़ लिया। अस्पताल में डॉक्टर ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच की। सुरेश के मुताबिक गुड्डू की शादी हुई थी लेकिन पत्नी बच्चे के साथ करीब 10 साल पहले छोड़कर चली गई थी। घटना की सूचना दुकानदार ने उनकी बहन कमला को दी थी। गुड्डू तीन भाइयों में बड़े थे। छोटे भाइयों में सोनी पंजाब और कंचन मुंबई में रहता है। माता-पिता की मौत हो चुकी है।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चालक हिरासत में है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।







