इंद्रा नगर में बदला गया 250 KVA ट्रांसफार्मर और जर्जर लाइन
उन्नाव के इंद्रा नगर में लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे लोगों के विरोध का असर आखिरकार देखने को मिला। डीएम आवास पर प्रदर्शन और शिकायत के अगले ही दिन बिजली विभाग ने क्षेत्र में 100 केवीए के ओवरलोड ट्रांसफार्मर की जगह 250 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। साथ ही जर्जर बिजली लाइन भी बदली गई, जिससे क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया।
बिजली संकट से परेशान होकर डीएम आवास पहुंचे थे लोग
इंद्रा नगर में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बार-बार फुंक रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप था कि कई बार जूनियर इंजीनियर (जेई) से ट्रांसफार्मर बदलने और जर्जर लाइन की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मंगलवार रात करीब 10 बजे क्षेत्र के लोग अपनी समस्या लेकर सीधे डीएम आवास पहुंच गए। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोककर उनकी शिकायत सुनी और मामले की जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को दी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने जेई को लगाई फटकार
मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों से बातचीत की और तत्काल जेई दिव्यांशु सिंह को बुलाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 300 मीटर जर्जर बिजली लाइन और खराब ट्रांसफार्मर के कारण लगभग हर रोज फॉल्ट हो रहे थे, जिससे उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने जेई को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि यदि बुधवार तक ट्रांसफार्मर और लाइन नहीं बदली गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अगले दिन बदला गया ट्रांसफार्मर
प्रशासन की सख्ती का असर बुधवार को दिखाई दिया। दोपहर में 250 केवीए का नया ट्रांसफार्मर मौके पर पहुंचा और शाम करीब चार बजे तक उसे स्थापित कर लोड पर चालू कर दिया गया। बिजली विभाग ने जर्जर तार भी बदल दिए।
जेई दिव्यांशु सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद करीब दो घंटे के भीतर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।







