गंजमुरादाबाद। सिरधरपुर-जाफराबाद मार्ग पर देवीदीनपुरवा गांव के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में किसान की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के जाफराबाद गांव निवासी श्यामू उर्फ नीतू (35) खेती करते थे। भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम काम से जाने की बात कहकर घर से सिरधरपुर गए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटते समय देवीदीनपुरवा गांव के पास बिजली के खंभे से बाइक टकराने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी लेकर गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया कि श्यामू की शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत से मां विद्यावती, भाई जितेंद्र, शैलेंद्र कुमार और अन्य परिजन बेहाल हैं।
कार्यवाहक कोतवाली राकेश कुमार ने बताया कि किसान की बाइक बिजली के खंभे से टकराई थी। सिर में चोट से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।








