आरोपी पर केस दर्ज
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र की एक युवती ने रिश्तेदार पर अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि शादी से इनकार करने पर आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें मंगेतर को भेज दीं, जिससे तय विवाह टूट गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, अचलगंज थाना क्षेत्र के हड़हा गांव निवासी रिश्तेदार सुजीत का उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर युवती के नहाते समय फोटो और वीडियो बना लिए। आरोप है कि बाद में मोबाइल एप के माध्यम से उन्हें आपत्तिजनक रूप देकर वायरल करने की धमकी दी और शादी का दबाव बनाया।
युवती के अनुसार, उस समय परिवार के लोगों ने समझाइश देकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी जगह विवाह तय कर दिया। एक मई को गोद भराई की रस्म भी हो गई थी और 14 मई 2027 को विवाह की तारीख निर्धारित थी।
आरोप है कि विवाह तय होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो युवती के मंगेतर को भेज दिए, जिसके बाद रिश्ता टूट गया।
मामले में थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







