सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
उन्नाव रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए सिविल लाइंस (प्लेटफॉर्म संख्या-6) की ओर नया प्रवेश द्वार, टिकटघर और लघु प्रतीक्षालय बनाने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों और दैनिक यात्री संघ की मांग पर सांसद साक्षी महाराज ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इसे अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने का आग्रह किया है।
कचहरी रोड की ओर से स्टेशन पहुंचना बना चुनौती
स्थानीय लोगों का कहना है कि कचहरी रोड पर रेलवे ओवरब्रिज बनने के बाद स्टेशन तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। यात्रियों को फुटओवर ब्रिज की करीब 90 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, जिससे बुजुर्ग, दिव्यांग और महिलाओं को काफी परेशानी होती है। इसके अलावा स्टेशन तक पहुंचने के लिए करीब एक किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।
रेल मंत्री से की गई ये मांग
सांसद साक्षी महाराज ने रेल मंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 (सिविल लाइंस की ओर) टिकटघर, प्रवेश द्वार और लघु प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाए।
उन्होंने बताया कि इस ओर जिला एवं सत्र न्यायालय, कचहरी, डाकघर, पुलिस लाइन, कई सरकारी कार्यालय और शिक्षण संस्थान स्थित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में इस दिशा से स्टेशन तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना जनहित में आवश्यक है।
दैनिक यात्री संघ ने रखी मांग
दैनिक यात्री संघ के जिलाध्यक्ष मुर्तजा हैदर ने कहा कि सिविल लाइंस की ओर आधे शहर के अलावा सफीपुर, बांगरमऊ और सदर तहसील क्षेत्र के हजारों यात्री स्टेशन पहुंचते हैं। अधिकांश बड़े रेलवे स्टेशनों पर दोनों ओर टिकटघर की सुविधा उपलब्ध है, इसलिए उन्नाव में भी यह व्यवस्था की जानी चाहिए।
एक किलोमीटर का लगाना पड़ता है चक्कर
स्थानीय निवासी गोविंद श्रीवास्तव ने बताया कि कचहरी से स्टेशन की सीधी दूरी करीब 500 मीटर है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था के कारण यात्रियों को लगभग एक किलोमीटर का चक्कर लगाकर स्टेशन पहुंचना पड़ता है। यदि सिविल लाइंस की ओर प्रवेश द्वार बनाया जाता है तो प्रतिदिन हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।







