32 जिलों की ग्राम पंचायतों में शुरू हुई हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी
लखनऊ, 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के 32 जिलों की ग्राम पंचायतों में पहले चरण के तहत हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी शुरू कर दी गई हैं। इन लाइब्रेरियों में UPSC, UPPSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 20 हजार से अधिक ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑडियो सामग्री और डिजिटल क्विज निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
पंचायतीराज विभाग के अनुसार, पहले चरण में 11,350 ग्राम पंचायतों में आधुनिक लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। प्रत्येक लाइब्रेरी पर लगभग चार लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों के लिए करीब दो लाख रुपये, आईटी उपकरणों पर 1.30 लाख रुपये और आधुनिक फर्नीचर पर 70 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि इन लाइब्रेरियों का उद्देश्य ग्रामीण छात्रों को शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां छात्र पारंपरिक पुस्तकों के साथ विशेषज्ञों के वीडियो लेक्चर देख सकेंगे, ऑडियो सामग्री सुन सकेंगे और डिजिटल क्विज के माध्यम से अपनी तैयारी का आकलन भी कर सकेंगे।
योजना के तहत अब तक 10,406 ग्राम पंचायतों में किताबें पहुंचाई जा चुकी हैं, जबकि 9,372 पंचायतों में फर्नीचर की व्यवस्था पूरी हो गई है। इन लाइब्रेरियों को चरणबद्ध तरीके से हाई-स्पीड इंटरनेट और अन्य डिजिटल सुविधाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
डिजिटल लाइब्रेरियों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को दी गई है, जबकि ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे।
सरकार के अनुसार, पहले चरण में अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, आगरा, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, लखीमपुर खीरी, जौनपुर, उन्नाव समेत 32 जिलों में पुस्तकों और फर्नीचर की आपूर्ति का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। सरकार का दावा है कि इस पहल से ग्रामीण युवाओं को अपने गांव में ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी और वे UPSC, PCS सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
यूपी के गांवों में बनेगी IAS-PCS की नई पीढ़ी









