जनसुनवाई, समीक्षा बैठक और महिला बंदीगृह का निरीक्षण करेंगी, महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण पर देंगी जानकारी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) डॉ. बबीता सिंह चौहान आज (22 जुलाई) एक दिवसीय दौरे पर संतकबीरनगर पहुंचेंगी। इस दौरान वह महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी, महिला जनसुनवाई करेंगी तथा जिला कारागार के महिला बंदीगृह का निरीक्षण भी करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. चौहान जिला महिला चिकित्सालय में आयोजित गोद भराई, अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वह डाक बंगला, खलीलाबाद में महिला सुरक्षा एवं महिला कल्याण से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक करेंगी।
समीक्षा बैठक के उपरांत आयोजित महिला जनसुनवाई में वह पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगी।
दोपहर 1:30 बजे होगी प्रेसवार्ता
सूचना विभाग के अनुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब डॉ. बबीता सिंह चौहान की प्रेसवार्ता दोपहर 1:30 बजे डाक बंगला, खलीलाबाद में आयोजित होगी। प्रेसवार्ता में महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।
सूचना विभाग ने जनपद के सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर प्रेसवार्ता में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।







