पुरानी नियमावली से टीजीटी-पीजीटी भर्ती की मांग
प्रयागराज, 12 जुलाई 2026।
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी भर्ती हेतु प्रस्तावित नई नियमावली के विरोध में युवा मंच के बैनर तले 13 जुलाई 2026 को पत्थर गिरजाघर, सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल, प्रयागराज में आंदोलन का चौथा चरण प्रारंभ किया जाएगा। आंदोलन के माध्यम से अभ्यर्थी पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को प्रमुखता से उठाएंगे।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश के युवाओं को अपने भविष्य और रोजगार की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरने के लिए विवश होना पड़ रहा है। वर्षों से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को प्रस्तावित नई नियमावली से गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भर्ती का विषय नहीं है, बल्कि लाखों युवाओं के सपनों, वर्षों की मेहनत और उनके भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रश्न है।
उन्होंने कहा कि पुरानी नियमावली के स्थान पर नई व्यवस्था लागू करने का प्रयास अभ्यर्थियों में व्यापक असंतोष का कारण बना है। युवा मंच की मांग है कि सरकार अभ्यर्थियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पुरानी नियमावली के आधार पर शीघ्र टीजीटी-पीजीटी भर्ती का विज्ञापन जारी करे तथा भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाए।
युवा मंच ने प्रदेश भर के अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से चलाए जा रहे आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें, ताकि युवाओं की आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक अभ्यर्थियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन चरणबद्ध एवं शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा।








