अयोध्या में भाजपा महिला मोर्चा की करीब 200 महिलाएं शुक्रवार को प्रतापगढ़ स्थित मनगढ़ धाम के लिए धार्मिक यात्रा पर रवाना हुईं। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की ओर से आयोजित इस यात्रा में महिलाएं दो बसों और अन्य छोटी गाड़ियों से गईं। मनगढ़ धाम पहुंचकर महिलाएं कृपालु महाराज से जुड़े धार्मिक स्थल पर दर्शन-पूजन करेंगी। यात्रा को लेकर रवाना होने से पहले महिलाओं में उत्साह देखने को मिला।
यात्रा पर रवाना हुईं महिला मोर्चा की सदस्यों ने इस धार्मिक आयोजन के लिए विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के प्रति आभार जताया। महिलाओं ने कहा कि इस तरह की यात्राओं से उन्हें धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है। दर्शन-पूजन के बाद सभी महिलाओं के अयोध्या लौटने का कार्यक्रम है।
विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता ने कहा कि धार्मिक यात्राएं लोगों को आस्था और आध्यात्मिकता से जोड़ने का माध्यम हैं। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की ओर से समय-समय पर विभिन्न वर्गों के लोगों के लिए ऐसी यात्राओं का आयोजन कराया जाता रहा है। वहीं, महानगर उपाध्यक्ष रीना द्विवेदी ने कहा कि मनगढ़ धाम की यात्रा महिलाओं के लिए आस्था से जुड़ा विशेष अवसर है। उन्होंने आयोजन के लिए विधायक का आभार जताया।
गौरतलब है कि इससे पहले विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की ओर से पत्रकारों के लिए भी धार्मिक यात्रा आयोजित की गई थी। उस दौरान पत्रकारों को विंध्याचल धाम और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कराया गया था। अब भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं के लिए मनगढ़ धाम की यात्रा आयोजित की गई है।





















