अयोध्या में सेवा संकल्प अभियान के तहत राम मंदिर के सामने, निषादराज चौराहा और सहादतगंज क्षेत्र में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालुओं और राहगीरों का ध्यान आकर्षित करते हुए लोगों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित किया गया।
राम मंदिर के सामने आयोजित नाट्य प्रस्तुति में कलाकारों ने सेवा के महत्व को रेखांकित किया। वहीं सहादतगंज में हुए मंचन के जरिए स्थानीय लोगों को सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा की भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। कार्यक्रमों का संयोजन महानगर उपाध्यक्ष रवि शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सौरभ मिश्र, छोटू पांडेय और रवि सिंह ने किया।
इसी बीच, गुजरात के वडनगर से काशी की यात्रा पर निकले दो दर्जन सदस्यों के दल ने अयोध्या में चार दिन बिताकर विभिन्न सेवा कार्य किए। दल के सदस्यों ने सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया और पौधरोपण किया। इसके अलावा वृद्धाश्रम और अस्पतालों में जाकर लोगों को फल वितरित किए। इन गतिविधियों के जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश दिया गया।
चार दिवसीय अयोध्या प्रवास पूरा करने के बाद दल के सदस्य शुक्रवार देर शाम ट्रेन से गुजरात के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किए। वडनगर से काशी तक की इस यात्रा में अयोध्या के दौरान किए गए सेवा कार्यों ने जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रमुखता दी।





















