रायबरेली। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने क्षेत्र के खोर, धोविन झाला और पूरे बरियार सिंह सहित कई गांवों में जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं कर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया।
अतुल सिंह ने कहा कि ऊंचाहार क्षेत्र की जनता बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। किसानों को खेती के लिए खाद, बीज और सिंचाई के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार देश और प्रदेश के मुद्दों को उठाकर जनता के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
बिजली बिलों का मुद्दा उठाते हुए अतुल सिंह ने कहा कि पहले अधिक क्षमता वाले बल्ब जलाने पर भी कम बिजली बिल आता था, जबकि अब कम क्षमता के एलईडी बल्ब इस्तेमाल करने के बावजूद उपभोक्ताओं को हजारों रुपये के बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने इसे आम जनता के साथ अन्याय बताया।
उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर भी जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान अतुल सिंह ने सवैया धनी निवासी दिनेश कुमार सरोज की पुत्री संजना रावत को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की प्रवेश परीक्षा में 13वीं रैंक प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि संजना ने अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, उर्मिला लोधी, रामदत्त पांडेय, तेज बहादुर सिंह, कप्तान सिंह, अतेंद्र सिंह, भोला साहू, भुल्लन यादव, डॉ. हनुमान प्रसाद लोधी, संतोष त्रिवेदी, प्रदीप मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।








