गौशालाओं की पारदर्शी व्यवस्था की मांग
सुलतानपुर। जनपद में गौवंश सहित अन्य बेसहारा एवं बेजुबान पशुओं की सुरक्षा, उपचार, संरक्षण और गौशालाओं की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर गौ रक्षा वाहिनी के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी को संबोधित 30 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट शिव प्रसाद यादव को ज्ञापन देकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
प्रदेश प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में गौवंश और अन्य पशु सड़क दुर्घटनाओं, बीमारियों, भूख, उपचार के अभाव और अव्यवस्थित गौशालाओं के कारण परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल पशु कल्याण का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा मुद्दा है।
ज्ञापन में जनपद स्तर पर बेजुबान पशु संरक्षण एवं राहत समिति गठित करने, उसमें गौसेवी संगठनों को शामिल करने तथा जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की मांग की गई। साथ ही घायल और बीमार पशुओं के लिए त्वरित राहत एवं उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
गौ रक्षा वाहिनी ने सभी गौशालाओं की नियमित जांच, सामाजिक ऑडिट, पशुओं की संख्या, चारा, उपचार, मृत्यु दर, बजट और व्यय का सार्वजनिक विवरण जारी करने तथा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। संगठन ने कहा कि यदि किसी गौशाला में अनियमितता या पशुओं की उपेक्षा पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में 24 घंटे पशु आपातकालीन हेल्पलाइन, प्रत्येक विकासखंड में पशु एम्बुलेंस, सड़क दुर्घटनाओं में घायल पशुओं के लिए विशेष रेस्क्यू टीम, बेसहारा गौवंश के पुनर्वास की स्थायी योजना तथा जिला पशु चिकित्सालय में विशेष उपचार केंद्र और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था करने की भी मांग की गई।
प्रदेश प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य बेजुबान पशुओं को समय पर उपचार, भोजन और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है। वहीं प्रदेश महामंत्री जयशंकर दुबे ने गौशालाओं की पारदर्शी निगरानी, घायल पशुओं के त्वरित उपचार और गौ तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री जयशंकर दुबे, जिला संयोजक उदय प्रकाश मिश्रा, बृजरानी गौ सेवा समिति के अध्यक्ष अंकित अग्रहरि, सुभाष सोनकर, राकेश सिंह ‘दद्दू’, प्रदीप कसौधन, मुकेश कसौधन, किरण सोनी, शशिधर द्विवेदी, अनिल अग्रहरि, पूनम सिंह, लकी बरनवाल, रजनी सिंह, राजवीर श्रीवास्तव, बृजेश श्रीवास्तव ‘बंटू’, गोलू यादव सहित बड़ी संख्या में गौ रक्षा वाहिनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








