मथुरा (रोहित कुमार)। थाना गोवर्धन परिसर में नव निर्मित प्रवेश द्वार एवं जीर्णोद्धारित मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आगरा ज़ोन के आई जी शैलेन्द्र कुमार पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभी अधिकारियों ने फीता काटकर नव निर्मित प्रवेश द्वार एवं जीर्णोद्धारित मंदिर का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद आईजी शैलेन्द्र कुमार पांडे, एसएसपी श्लोक कुमार एवं अन्य अधिकारियों ने थाना परिसर का निरीक्षण कर वहां कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान आईजी शैलेन्द्र कुमार पांडे ने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण और सुव्यवस्थित थाना परिसर से पुलिसकर्मियों के मनोबल में वृद्धि होगी तथा आम जनता को भी बेहतर पुलिस सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने थाना परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को बेहतर सुरक्षा तथा पारदर्शी एवं संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में थाना स्टाफ, जनपद के पुलिस अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने नव निर्मित प्रवेश द्वार और मंदिर के जीर्णोद्धार की सराहना करते हुए इसे थाना परिसर के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए इस उद्घाटन समारोह के बाद गोवर्धन थाना परिसर को नई पहचान मिली है। विकास कार्यों से पुलिसकर्मियों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों में भी खुशी का माहौल देखा गया।








