पांच साल के ऑडिट रिकॉर्ड की गहन जांच, वित्तीय लेनदेन और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही जांच टीम
Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। शुक्रवार सुबह विशेष जांच दल (SIT) एक बार फिर राम जन्मभूमि परिसर पहुंचा, जहां बैंक कर्मचारियों से बंद कमरे में पूछताछ की जा रही है। जांच टीम वित्तीय लेनदेन, ऑडिट रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
एसआईटी इससे पहले ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों से लंबी पूछताछ कर चुकी है। अब जांच का फोकस बैंकिंग प्रक्रिया, चढ़ावे की गिनती और धनराशि के प्रबंधन पर है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में मिले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के पांच वर्षों के ऑडिट रिकॉर्ड की दोबारा जांच की जा रही है। कुछ दस्तावेज अभी भी जांच एजेंसी को उपलब्ध नहीं हो सके हैं। पूरा ब्योरा मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वित्तीय अनियमितताएं किस स्तर तक हुईं।
उधर, पुलिस की आपराधिक जांच भी समानांतर रूप से जारी है। विवेचक और सीओ अयोध्या की टीम ने राम मंदिर परिसर में दान पात्रों से धन निकालने और गिनती की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है।
जांच के क्रम में पुलिस टीम आरोपी अविनाश शुक्ला के प्रतापगढ़ स्थित गांव भी पहुंची, जहां परिजनों से पूछताछ की गई और कुछ अहम दस्तावेज जब्त किए गए। जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में पूछताछ का दायरा और बढ़ सकता है।








