चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में हुआ हादसा, दोस्त के साथ नहाने गया था सावन कुमार, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के लौदा चौकी के पास स्थित नईकोट नहर पुलिया पर गुरुवार को नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और बाद में एनडीआरएफ की टीम ने तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद बालक का शव बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, चंदौली नगर के वार्ड नंबर-8 निवासी तथा वर्तमान में नईकोट क्षेत्र में अस्थायी रूप से रह रहे सकल डोम का पुत्र सावन कुमार (12) अपने मित्र शिवा के साथ नहर पर गया था। बताया जाता है कि शिवा कपड़े धो रहा था, जबकि सावन नहर में नहाने के लिए उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने सर्च अभियान चलाकर बालक का शव बरामद किया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







