रहीमाबाद क्षेत्र में अंधविश्वास का डर दिखाकर बदमाशों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर किया फरार, पुलिस जांच में जुटी
मलिहाबाद/लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो शातिर टप्पेबाजों ने अंधविश्वास का सहारा लेकर एक दंपति से नगदी और जेवर ठग लिए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, कैथुलिया गांव निवासी सतगुरु अपनी पत्नी कंचन गौतम और 11 माह के बेटे समरजीत के साथ साइकिल से बदौरा गांव जा रहे थे। लखनऊ-हरदोई हाईवे पर बंजारन खेड़ा के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
एक व्यक्ति ने पहले रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे बाइक से दूसरा व्यक्ति भी वहां पहुंच गया। दोनों ने दंपति को बातचीत में उलझाकर कहा कि उन पर “देवी का साया” है और परिवार पर किसी अनहोनी का खतरा मंडरा रहा है।
आरोपियों ने कथित तौर पर दंपति से कहा कि दुर्घटना से बचने के लिए वे अपनी नकदी और पत्नी के सभी आभूषण एक पन्नी में रखकर वहीं छोड़ दें और बिना पीछे देखे कुछ दूरी तक पैदल चले जाएं। डर और अंधविश्वास के कारण दंपति उनकी बातों में आ गया।
कुछ देर बाद जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। उनके साथ 656 रुपये नकद, कान के सोने के टॉप्स, गले की सोने की माला और चांदी की पायल भी गायब थी।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ितों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी और रहीमाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।







