व्यापारी कल्याण दिवस का हुआ आयोजन
सुलतानपुर। जिला प्रशासन एवं राज्य कर विभाग के तत्वावधान में सोमवार को भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के शीर्ष 10 करदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ उप जिलाधिकारी (नगर) और राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त राज्य कर एल.एस. शरण ने कहा कि भामाशाह जयंती को व्यापारी सम्मान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान न होने के बावजूद सुलतानपुर के व्यापारियों का कर संग्रह में महत्वपूर्ण योगदान है।
उप जिलाधिकारी (नगर) ने अपने संबोधन में दानवीर भामाशाह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में महाराणा प्रताप को आर्थिक सहायता देकर राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि व्यापारी और करदाता देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा उनके योगदान से ही विकास कार्य संभव हो पाते हैं।
कार्यक्रम में जनपद के विकास और राजस्व में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिव सेवक सिंह, नरेंद्र सिंह, अर्चना गुप्ता, मनोज कुमार अग्रवाल, आलोक कुमार तिवारी, मार्कंडेय तिवारी, राहुल कुमार बरनवाल, ज्योति सिंह, अरविंद कुमार और शंभू शरण सिंह को जिला प्रशासन एवं राज्य कर विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्य कर विभाग के उपायुक्त अभिषेक चौहान, सहायक आयुक्त पंकज कुमार, रियाज अहमद, ज्योति रानी, अनुराधा, रमाशंकर सिंह, राहुल शर्मा सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्थानीय व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन राज्य कर अधिकारी बृजेश मौर्य एवं देवेंद्र मिश्रा ने किया। राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को पारदर्शी और सरल कर व्यवस्था उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया, जबकि व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने सम्मान समारोह के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।








