अमेठी। अमेठी विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से राष्ट्रीय महापुरुषों के नाम पर करीब दो दर्जन तोरण द्वारों का निर्माण कराया जा रहा है। विधायक महराजी प्रजापति ने कहा कि महापुरुषों का जीवन, उनके आदर्श और समाजहित में किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते हैं, इसलिए उनकी स्मृतियों को संरक्षित करना आवश्यक है।
विधायक यह बात संग्रामपुर के विशेषरगंज में निर्मित छत्रपति शाहूजी महाराज द्वार के लिए आभार जताने पहुंचे पटेल समाज के कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान कही।
उन्होंने बताया कि कल्याणपुर चौराहे पर महान महिला शासक अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में तोरण द्वार का निर्माण कराया गया है। वहीं अमेठी की साहित्यिक पहचान से जुड़े सूफी कवि मलिक मोहम्मद जायसी की स्मृति में रामनगर में भी तोरण द्वार स्थापित कराया गया है, जिसकी मांग लंबे समय से स्थानीय साहित्यकार कर रहे थे।
महराजी प्रजापति ने कहा कि क्षेत्र में अन्य राष्ट्रीय और बहुजन महापुरुषों के नाम पर भी स्मृति द्वार बनाए जा रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी उनके विचारों, संघर्ष और समाज के प्रति योगदान से परिचित हो सके।
उन्होंने कहा कि अमेठी का विकास और क्षेत्रवासियों की सेवा ही उनकी प्राथमिकता है। विधायक ने कहा कि पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के मार्गदर्शन में शुरू किए गए जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के सम्मान में कराए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।








