एएसपी आलोक सिंह व सीओ ट्रैफिक सुजीत कुमार की निगरानी में कार्यवाहक यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह का सख्त एक्शन
दो दिन में 768 वाहनों के चालान, जिसमें लगभग ₹13.17 लाख का शमन शुल्क
हेलमेट, ड्रिंक एंड ड्राइव, प्रेशर हॉर्न व दोषपूर्ण नंबर प्लेट पर सबसे बड़ी कार्रवाई
रायबरेली। यातायात निदेशालय के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के कुशल निर्देशन में, व अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात सुजीत कुमार के नेतृत्व में जिलेभर में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी सख्ती के साथ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्यवाहक यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह के नेतृत्व में बीते दो दिनों तक चले व्यापक अभियान में नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए 768 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई से यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, ड्रिंक एंड ड्राइव, प्रेशर हॉर्न, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, बिना बीमा, ओवरलोड सवारी, पार्किंग नियमों के उल्लंघन तथा वायु प्रदूषण संबंधी मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। सबसे अधिक 489 वाहन चालक बिना हेलमेट के पकड़े गए। इसके अलावा 19 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते, 20 प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करते, 30 दोषपूर्ण नंबर प्लेट, 16 बिना बीमा, 6 सीट बेल्ट उल्लंघन, 2 मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाते तथा 45 वाहन चालक ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने पर कार्रवाई की जद में आए। वहीं तीन सवारी, अवैध पार्किंग, वायु प्रदूषण मानकों के उल्लंघन तथा सक्षम प्राधिकारी के निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार चालान किए गए। दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान कुल 768 वाहनों का चालान करते हुए ₹13,17,500 (तेरह लाख सत्रह हजार पांच सौ रुपये) का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा के प्रति पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट संदेश मानी जा रही है।यातायात पुलिस की लगातार सख्ती का असर अब शहर की सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। वाहन चालकों में नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ी है,जबकि यातायात व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक अनुशासित नजर आ रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन के जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। एक नजर में कार्रवाई कुल चालान : 768
कुल शमन शुल्क : ₹13,17,500
बिना हेलमेट : 489
ड्रिंक एंड ड्राइव : 19
प्रेशर हॉर्न : 20
दोषपूर्ण नंबर प्लेट : 30
बिना बीमा : 16
सीट बेल्ट उल्लंघन : 6
मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर : 2
ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर : 45 और यातायात पुलिस का कहेना है कि आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।








