राहत-बचाव जारी
वियतनाम। वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट के पलटने से बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसे में 15 लोगों की मौत की आशंका है, जबकि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ घंटे पहले फु क्वोक द्वीप के निकट भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। स्थानीय प्रशासन द्वारा खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के कारणों और नाव में सवार लोगों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यह स्पीडबोट हॉन मे रट (Hon May Rut) से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट (An Thoi Port) जा रही थी। शनिवार दोपहर स्थानीय समयानुसार करीब एक बजे होन मे रट एन्ग्वाई (Hon May Rut Ngoai) से लगभग 400 मीटर दूर नाव पलट गई। हादसे के समय नाव में सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए।
भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और हनोई में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया है। दूतावास ने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों द्वारा मृतकों एवं लापता लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।








