हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
लखनऊ, 11 जुलाई। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) 13 और 14 जुलाई को प्रदेश के 74 जिलों में राज्य स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। इन मेलों का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक युवा अपने जिले की आईटीआई से मेला स्थल, समय और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला स्तर पर मेलों का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी और कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयकों के समन्वय से कराया जाएगा।
रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश का कोई भी पात्र युवक या युवती भाग ले सकता है। यूपीएसडीएम, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (डीडीयू-जीकेवाई) और ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत प्रशिक्षित युवाओं के साथ-साथ औपचारिक शिक्षा पूरी कर चुके अभ्यर्थियों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री के जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित अत्यंत गरीब परिवारों के युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी मेला स्थलों पर रैंप, सुगम आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती तथा पर्याप्त पुलिस बल भी उपलब्ध रहेगा।
यूपी कौशल विकास मिशन ने सभी जिलाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल चयन, निजी कंपनियों को आमंत्रित करने और प्रशिक्षित युवाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मेले के समापन के बाद प्रत्येक जिले को चयनित एवं नियुक्त युवाओं की रिपोर्ट मिशन मुख्यालय को भेजनी होगी। सरकार का लक्ष्य इन रोजगार मेलों के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
विश्व युवा कौशल दिवस पर 13-14 जुलाई को यूपी के 74 जिलों में रोजगार मेले









