करंट लगने से नीचे गिरा युवक, जिला अस्पताल में भर्ती; ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। लखनऊ–अयोध्या रेलमार्ग पर स्थित रसौली रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के खाली डिब्बे पर चढ़ा एक युवक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया और डिब्बे से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
घायल युवक की पहचान समीर (22) पुत्र जलील अहमद, निवासी ग्राम रसौली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार समीर मानसिक रूप से अस्वस्थ है। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण वह मालगाड़ी के खाली डिब्बे पर चढ़ गया, जहां ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को बुलाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे समीर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले लगभग एक सप्ताह से स्टेशन पर मालगाड़ी के खाली डिब्बे खड़े थे, जिससे लोग उन तक आसानी से पहुंच जा रहे थे। उनका आरोप है कि रेलवे की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराए जाने, स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में हादसे को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।







