सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दोस्तपुर क्षेत्र के बबुरीपुर निवासी लोकगायक देवेंद्र उपाध्याय के 22 वर्षीय पुत्र गौरव उपाध्याय की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गौरव अपने दोस्तों के साथ लखनऊ से घर लौट रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 91.600 के पास वाहन से उतरते ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल गौरव को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।







