छत के रास्ते घुसे चोर नकदी-जेवर ले उड़े
उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर को निशाना बनाते हुए करीब 4.65 लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहा था। सुबह घर का सामान बिखरा मिलने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, अचलगंज थाना क्षेत्र के मवैया माफी गांव निवासी श्याम गोपाल बेथर-कोलुहागाड़ा मार्ग पर बने अपने मकान में परिवार के साथ रहते हैं। मकान के भूतल पर उनका मेडिकल स्टोर संचालित होता है।
बताया गया कि मंगलवार रात चोर छत के रास्ते मकान में घुसे और जीने का दरवाजा तोड़कर पहली मंजिल तक पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखे बक्से और अलमारी के ताले तोड़ दिए। चोर वहां से करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, जिनमें चेन, झुमकी, झाला, अंगूठी और पायल शामिल हैं, के अलावा 65 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जयप्रकाश भारती मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।






