1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत की अपील
संतकबीरनगर। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को राहत दिलाते हुए थाना कोतवाली खलीलाबाद की साइबर सेल ने प्रभावी कार्रवाई कर उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर निकाले गए 3,000 रुपये वापस करा दिए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को आर्थिक राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में संचालित साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत साइबर सेल लगातार ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों की धनराशि वापस कराने का कार्य कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रंजीत पुत्र रामलखन, निवासी गुलरिहा मिश्रौलिया, थाना कोतवाली खलीलाबाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 अक्टूबर 2025 को अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 3,000 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए थे।
शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी रविकांत कुशवाहा ने तत्काल NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई। साइबर सेल की प्रभावी पैरवी और संबंधित एजेंसियों से समन्वय के बाद पीड़ित के खाते में पूरी 3,000 रुपये की राशि वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने संतकबीरनगर पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।
साइबर सेल टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे, अपराध निरीक्षक एवं प्रभारी साइबर सेल वीरेन्द्र कुमार यादव, आरक्षी रविकांत कुशवाहा, महिला आरक्षी शिवांगी सिंह, रिजर्व आरक्षी अनुज शुक्ला तथा ऋतिक वर्मा शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ब्लैकमेलिंग या लालच भरे ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।







