चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के कवलपुरा गांव में रविवार को खेत में धान की रोपाई की तैयारी कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कवलपुरा गांव निवासी श्याम कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय तेज बहादुर सिंह रविवार सुबह अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी कर रहे थे। सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। इसी दौरान करीब 11 बजे तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
श्याम कुमार दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई रिंकू सिंह वाराणसी में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील करता रहा है। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी जाती है।





















