उद्घाटन के 12 दिन बाद गुणवत्ता पर उठे सवाल
उन्नाव। करोड़ों रुपये की लागत से बने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पहली ही बारिश के बाद निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के महज 12 दिन बाद उन्नाव के अचलगंज क्षेत्र में सड़क का एक हिस्सा धंस गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निर्माण एजेंसी ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करा दिया।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। शनिवार को हुई बारिश के बाद लखनऊ जाने वाली लेन पर किलोमीटर संख्या 64.4 पर, अचलगंज के कोरारी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे, सड़क का लगभग पांच से सात मीटर हिस्सा धंस गया।
सड़क धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे। स्थानीय लोगों ने नई सड़क के इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त होने पर चिंता जताई और निर्माण की जांच की मांग की।
सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी पीएनसी की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। फिलहाल यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं।
हालांकि, सड़क धंसने के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। संबंधित एजेंसी मामले की जांच कर रही है।







