मझवार-तुरैहा को एससी आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर विधायक प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन
एटा/जलेसर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के आह्वान पर बुधवार को जलेसर में निषाद पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने मझवार-तुरैहा सहित संबंधित समुदायों को अनुसूचित जाति (एससी) का प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और विधायक प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष राकेश कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रतिनिधि नरेश चंद्र माथुर को ज्ञापन देकर मांग की कि मझवार एवं तुरैहा समुदाय को संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी कराया जाए तथा संबंधित शासनादेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाध्यक्ष राकेश कश्यप ने बताया कि 31 दिसंबर 2016 को जारी शासनादेश के अनुसार निषाद, केवट, मल्लाह, कश्यप, धीमर, बिंद, बाथम, तुरैहा, गोडिया, माझी और मछुआ आदि जातियों के संबंध में संशोधन किए गए थे। उनका आरोप है कि इसके बावजूद तहसील स्तर पर संबंधित प्रावधानों का समुचित पालन नहीं हो रहा है और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में अनियमितताएं बनी हुई हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि कथित रूप से नियमों के विपरीत जारी किए जा रहे अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया की समीक्षा की जाए तथा मझवार और तुरैहा समुदाय के पात्र लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाए। साथ ही आगामी 3 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का अनुरोध भी किया गया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवेश शर्मा, अमित कुलश्रेष्ठ, हरिशंकर कश्यप, डॉ. अजीत सिंह सोलंकी, गुहराज कश्यप, श्री निवास कश्यप, डॉ. मोहन सिंह, मनोज कश्यप, जितेंद्र कश्यप सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







