गुरु पूर्णिमा पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत
एटा/जलेसर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत संत शिरोमणि संत रविदास का 650वां जयंती वर्ष श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया।
भाजपा जिला समिति की सदस्या नीलम प्रजापति के नेतृत्व में जलेसर स्थित नागेश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में संत पूजन एवं गुरु पूजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर के महंत चंद्र नंदन गिरी का पटका पहनाकर एवं पुष्प भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर उनकी तस्वीर महंत को भेंट की गई। कार्यक्रम के दौरान नीलम प्रजापति ने महंत से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री नीलम प्रजापति ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति सदाचार, सेवा और सकारात्मक सोच को अपनाए तथा गलतियों से बचने का प्रयास करे, तो जीवन में ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।







