650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में ग्रहण किया कलश, समरसता और मानवता के संदेश को बताया प्रेरणास्रोत
श्रावस्ती। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में काशी से निकली ‘कलश वंदन यात्रा’ का श्रावस्ती में भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय ने श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से कलश ग्रहण कर संत गुरु रविदास को नमन किया।
कटरा स्थित राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि संत गुरु रविदास जी का समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता का संदेश आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि संतों के विचार समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने संत गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया और यात्रा का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया।







