पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुआ था आरोपी, गोवध निवारण अधिनियम समेत कई मामलों में था वांछित
चंदौली। इलिया थाना पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर गोतस्करी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माल्दह पुलिया के पास स्थित काली माता मंदिर के समीप से दबोचा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 110 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव, निवासी नैपुराकला, थाना लंका, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। वह वर्ष 2025 में थाना इलिया में दर्ज गोतस्करी के एक मुकदमे में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय ने बताया कि 26 सितंबर 2025 को इलिया पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल होकर पकड़ा गया था, जबकि रामबाबू यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने आठ गोवंश बरामद किए थे, जिनमें तीन मृत और पांच जीवित थे। मौके से एक अवैध तमंचा, एक मिस फायर कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गोवंशों को खरीदकर पिकअप वाहन से बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चंदौली और प्रयागराज के विभिन्न थानों में गोतस्करी सहित अन्य मामलों के करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







