बाराबंकी: जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार को जिला कारागार, बाराबंकी का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, स्वच्छता व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण की शुरुआत जिला कारागार के मुख्य प्रवेश द्वार से हुई। डीएम और एसपी ने वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली और प्रवेश व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जेल परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी निगरानी को लेकर दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी कैमरे हर समय चालू और पूरी तरह सक्रिय रहें। यदि किसी कैमरे में तकनीकी खराबी हो तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि कारागार की निगरानी व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो।
महिला और पुरुष बैरकों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
डीएम और एसपी ने महिला एवं पुरुष बैरकों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं।
बंदियों से बातचीत कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद भी किया। उन्होंने उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक कुंदन कुमार, जेलर जितेंद्र सिंह सहित जिला कारागार के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।







