लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामसनेहीघाट क्षेत्र में बस यात्रियों और व्यापारियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पिछले कुछ दिनों में यहां चलती बसों और ढाबों पर खड़ी बसों से चोरी की तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। इन वारदातों में लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी हुआ है। तीन मामलों में से एक घटना में आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
बस से चांदी की पायल के डिब्बे चोरी
पहली घटना में आगरा के यमुना ब्रिज निवासी सराफा व्यापारी कृष्ण कुमार वंडेवाल ने पुलिस को बताया कि वह 25 जुलाई को आगरा से गोरखपुर जा रहे थे। 26 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे उनकी बस रामसनेहीघाट क्षेत्र में देवेश होटल के पास रुकी थी। इसी दौरान एक कार से चार युवक बस में सवार हुए और व्यापारी के बैग से चांदी की पायल के चार डिब्बे चोरी कर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान का वजन करीब 9.674 किलोग्राम बताया गया है। व्यापारी को चोरी की जानकारी गोरखपुर पहुंचने के बाद हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाबे पर बस रुकते ही गायब हुए लाखों के जेवर और नकदी
दूसरी घटना दिल्ली से गोरखपुर जा रही डबल डेकर बस की है। यह बस करीब एक साल पहले सुबह के समय कोतवाली क्षेत्र के कोटवा सड़क स्थित सालासर ढाबे पर रुकी थी। यात्री जब नाश्ता करने के बाद वापस बस में पहुंचे तो गोरखपुर निवासी व्यापारी आशीष वर्मा का बैग गायब मिला। बैग में करीब 15 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण रखे थे। वहीं सिद्धार्थनगर निवासी अरविंद श्रीवास्तव के बैग से करीब 10 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बस के ढाबे पर पहुंचने तक वहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे थे, लेकिन बाद में कैमरे बंद हो गए। इसके चलते ढाबा संचालक और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है।
बस स्टाफ की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी
तीसरी घटना गोरखपुर से राजस्थान जा रही एक निजी बस में हुई। रात करीब 10 बजे बस मोहम्मदपुर स्थित सालासर ढाबे पर भोजन के लिए रुकी थी। इसी दौरान राजस्थान निवासी यात्री राकेश कुमार बैरवा का बैग चोरी हो गया। बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही बस स्टाफ ने तुरंत आसपास खड़ी अन्य बसों की तलाशी शुरू कर दी। जांच के दौरान मारुति ट्रेवल्स की बस में सवार आगरा निवासी निरंजन के पास से चोरी किया गया बैग बरामद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया।
यात्रियों और व्यापारियों में बढ़ी चिंता
रामसनेहीघाट क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यात्रियों और व्यापारियों का कहना है कि ढाबों और बस स्टॉप के आसपास सक्रिय चोर गिरोह मौका मिलते ही वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर बस रुकने वाले स्थानों, ढाबों और प्रमुख प्वाइंट्स पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि यात्रियों को ऐसी घटनाओं से बचाया जा सके।







