बहराइच। जिले के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र से सटे देवनपुरा गांव में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बने तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया। लगातार आबादी की ओर आ रहे तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए पिंजरा लगाया था, जिसमें तेंदुआ कैद हो गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए की उम्र लगभग तीन वर्ष बताई जा रही है। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि वह लगातार गांव के आसपास दिखाई दे रहा था और लोगों में भय का माहौल बना हुआ था।
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की कवायद की जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल से सटे क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।







