उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सौंपा गया ज्ञापन
प्रयागराज (मेजा)। मेजा तहसील मुख्यालय स्थित मेजा खास को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्र के नागरिकों ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ज्ञापन सौंपकर मेजा खास को नगर पंचायत घोषित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि मेजा खास प्रशासनिक, शैक्षणिक और सार्वजनिक सुविधाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां तहसील, ग्राम न्यायालय, सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय, कोतवाली, विकास खंड कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), फायर स्टेशन, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, जवाहर नवोदय विद्यालय, राजकीय डिग्री कॉलेज, डाकघर, बैंक सहित अनेक सरकारी एवं व्यावसायिक संस्थान संचालित हैं। इसके बावजूद क्षेत्र को अब तक नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 20 हजार की आबादी वाला मेजा खास नगर पंचायत बनाए जाने के अधिकांश मानकों को पूरा करता है। नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सफाई और अन्य शहरी विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
ज्ञापन के माध्यम से उपमुख्यमंत्री से इस लंबे समय से लंबित मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने मांग के समर्थन में हस्ताक्षर कर अपना समर्थन भी जताया।







