परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप
बाराबंकी। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के बिचाला गांव निवासी 25 वर्षीय युवक की हाइड्रोसील ऑपरेशन के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने शुजागंज स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, मुकेश ने पांच दिन पहले शुजागंज स्थित एक निजी अस्पताल में हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराया था। उनका आरोप है कि ऑपरेशन से पहले आवश्यक चिकित्सीय जांच नहीं की गई और ऑपरेशन के उसी दिन उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बताया गया कि अगले दिन ऑपरेशन वाले स्थान पर तेज दर्द और सूजन होने पर मुकेश दोबारा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें केवल दर्द निवारक दवाएं देकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद भी उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही।
परिजन उन्हें पहले रुदौली के एक अन्य अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें बनीकोडर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी बनीकोडर के अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि मुकेश को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था।
वहीं, रामसनेहीघाट के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश अपने पीछे पत्नी मनीषा और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।







