तीन बड़ी चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामसनेहीघाट क्षेत्र में बस यात्रियों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बीते कुछ समय में चलती बसों और ढाबों पर रुकी बसों से चोरी की तीन बड़ी घटनाओं ने यात्रियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इन घटनाओं में लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ। एक मामले में आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो मामलों की जांच जारी है।
सराफा व्यापारी की 9.674 किलो चांदी की पायल चोरी
पहली घटना में आगरा के यमुना ब्रिज निवासी सराफा व्यापारी कृष्ण कुमार वंडेवाल ने पुलिस को बताया कि वह 25 जुलाई को आगरा से गोरखपुर जा रहे थे। 26 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे रामसनेहीघाट क्षेत्र स्थित देवेश होटल के पास बस रुकी। आरोप है कि इसी दौरान एक कार से आए चार युवक बस में चढ़े और उनके बैग से करीब 9.674 किलोग्राम चांदी की पायल के चार डिब्बे चोरी कर फरार हो गए। गोरखपुर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। व्यापारी ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डबल डेकर बस से 25 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी
दूसरी घटना एक वर्ष पूर्व की बताई जा रही है। दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस सुबह करीब छह बजे कोटवासड़क स्थित सालासर ढाबे पर रुकी थी। नाश्ते के बाद यात्रियों के लौटने पर गोरखपुर निवासी व्यापारी आशीष वर्मा का बैग गायब मिला, जिसमें लगभग 15 लाख रुपये के सोने-हीरे के आभूषण थे। वहीं सिद्धार्थनगर निवासी अरविंद श्रीवास्तव के बैग से 10 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। जांच में सामने आया कि बस के पहुंचने तक ढाबे के सीसीटीवी कैमरे चालू थे, लेकिन बाद में बंद हो गए। पुलिस ढाबा संचालक और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
तीसरे मामले में आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
तीसरी घटना में गोरखपुर से राजस्थान जा रही एक प्राइवेट बस रात करीब 10 बजे मोहम्मदपुर स्थित सालासर ढाबे पर रुकी थी। इसी दौरान राजस्थान निवासी राकेश कुमार बैरवा का बैग चोरी हो गया। बस स्टाफ की सतर्कता से आसपास खड़ी बसों की तलाशी ली गई, जिसमें मारुति ट्रेवल्स की बस में सवार आगरा निवासी निरंजन के पास से चोरी का बैग बरामद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
यात्रियों ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रामसनेहीघाट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों और यात्रियों का कहना है कि ढाबों और बस स्टॉप पर सक्रिय चोर गिरोह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से हाईवे पर गश्त बढ़ाने, बस पड़ावों और ढाबों पर निगरानी मजबूत करने तथा सीसीटीवी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है।







