श्रावस्ती। जिले में सरयू नहर में डूबने से 14 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के दो दिन बाद शनिवार को उसका शव सोनवा थाना क्षेत्र में सरयू नहर में तैरता हुआ मिला।
जानकारी के अनुसार, हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के बदला चौराहा निवासी अन्नू बाबू की 14 वर्षीय बेटी कोमल (काजल) अपनी रिश्तेदारी में कोरियन पुरवा, मटेरा गई हुई थी। गुरुवार सुबह शौच के लिए जाने के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सरयू नहर में गिरकर डूब गई।
शनिवार को सोनवा थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने नहर में एक शव तैरता देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सोनवा थाना पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना से मृतका के परिजनों में शोक की लहर है।







