कोर्ट के आदेश पर ग्राम समाज की जमीन से हटाए गए 10 कब्जे
बहराइच। जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के तकिया गांव में ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग ने धारा 67(1) के तहत बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाए।
प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई के दौरान 10 अवैध अतिक्रमण हटाए गए। अभियान में कई अवैध निर्माण और मकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
तहसीलदार अंबिका चौधरी की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई कराई गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन ने शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई।
प्रशासन का कहना है कि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।







