अलीगंज के प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, प्रमुख मार्गों पर 12-12 घंटे की ड्यूटी; सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा।
अलीगंज (एटा)। सावन माह में कांवड़ यात्रा को लेकर एटा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ियों की सुरक्षा, सुचारु यातायात और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्वेताभ पांडेय ने अलीगंज क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कम्पिल रोड, कुरावली रोड, नयागांव रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि सावन के दौरान अलीगंज क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा करते हैं। इसके अलावा मैनपुरी से आने वाले कांवड़िये भी अलीगंज होकर विभिन्न मार्गों से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस टीमें दिन-रात लगातार गश्त और निगरानी करेंगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा संबंधी समस्या या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
एएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर जाम, बाधा या किसी अन्य समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। पुलिस और प्रशासन की टीमें आपसी समन्वय के साथ पूरे सावन माह में लगातार सक्रिय रहेंगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह, कोतवाली प्रभारी रुपेश वर्मा, खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा तथा अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत सरल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: दिलीप सिंह, अलीगंज (एटा)







